शनिवार, 13 अक्टूबर 2018

अधिकार हमेशा अपना रखना


मैं नहीं चाहता
तेरे मन पर अधिकार रहे मेरा अपना
तेरा मन तो है तेरा अपना

जब चाहो जो चाहो जैसे चाहो करना
करना जो चाहो, चाहो मत करना
बस मन पर अपने अपना काबू तुम रखना
फिर जो भी तुम चाहो करना, करना मत करना

जीवन में जब आ जाये कोई अपना
छा जाये कोई वो तुम पर चाहे जितना
यह अधिकार नहीं तुम उसको देना
बोले तुमको
-        क्या करना, कैसे करना, कब करना

मुश्किल हो कोई, आये कोई भी दुविधा
राय सभी की लेना, उसकी भी सुनना
बात सभी की धरना मन में, पूरा विश्लेषण करना
तब सोच समझ कर निर्णय अपने मन से ही लेना

याद रहे - तुम स्वतंत्र हो, हरदम ऐसे ही रहना
चाहे कोई आ जाये, कितना भी हो जाये अपना
मन पर अपने अधिकार हमेशा अपना ही रखना
मन पर अधिकार हमेशा अपना ही रखना

शुक्रवार, 12 अक्टूबर 2018

धूप में तपिश नहीं तो क्या

धूप में तपिश नहीं तो क्या, उसकी रोशनी से काम ले
जो न मिला उसका क्या गिला, जो है उसको संवार ले

सोमवार, 13 अगस्त 2018

नहीं घटेगा बढ़ जायेगा

नहीं अगर मैं कुछ बोलूँ -
क्या घटता है मन में मेरे।
कैसे जानेगा कोई
क्या घटता है मन में मेरे ?

सच अगर नहीं बोलूँ - 
क्या घटता है मन में मेरे।
फिर कैसे जानेगा कोई
क्या घटता है मन में मेरे ?

सच तो यह है
जो घटता है मन में मेरे
थोड़ा आगे या पीछे
वैसा ही कुछ 
घटता है मन में तेरे।

अलग- अलग जब रहते हैं
नहीं पता मुझको चलता है
क्या घटता है मन में तेरे
तुझको भी कहां पता पड़ता है
क्या घटता है मन में मेरे

मुझको लगता है अच्छ हो 
हम जब मिल सब बैठैंगे
मिलजुल कर फिर सीखेंगे
तू मुझको बोले मैं तुझको बोलूं
मैं तुझसे सीखूं, तू मुझसे सीखे
अनुभव से अनुभव जुड़ जायेगा
नहीं घटेगा बढ़ जायेगा।

अनुभव से अनुभव जुड़ जायेगा
फिर नहीं घटेगा बढ़ जायेगा।


आदरणीय लोक सभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ताई ने अध्यक्षीय शोध कदम (अशोक - एस आर आई) की तीसरी वर्षगांठ पर जो कहा उसको लिखने की एक कोशिश 

गुरुवार, 11 जनवरी 2018

हार - जीत?

अपनों से जीते तो क्या जीते?, 
अपनों से हारे तो क्या हारे?
नदी जब सागर में जा मिले,
कौन जीते और कौन हारे?

विषेश: बहुत दिन से यह विचार रहा है, अब सोचा कि इसे लिख दिया जाये। 

रविवार, 31 दिसंबर 2017

अफवाहें हैं, भड़काने की नाकाम कोशिश हैं

अफवाहें हैं सब
कोई हुक्म नहीं है किसी का
कि पाबंदियां लग जाएं सब ओर

हवाओं को है आज़ादी
बहें जिधर भी, जिस ओर वो चाहें
रफ्तार ले लें, वो जो उनके मन में आये

लहरें भी आज़ाद हैं
उठें और पटक लें सिर अपना
जितना वो चाहें
पत्थरों को तोड़ वो डालें
पाबंदी नहीं है कोई
किनारे लांघ लें और तोड़ डालें
जो कुछ राह में आये
पूरी छूट है उनको
कर लें अपनी मनमानी वो
धरा पर वो छा जायें

समुंदर से कहो – आज़ाद वो भी है
रोक नहीं है उस पर भी कोई
भर ले सैलाब अपने अंदर, जितना भी समा पाये
उछाल ले आये जितना वो चाहे
मचाले वो भी तबाही
जितनी उस के मन में आये

रोक नहीं है कोई किसी पर
कर लें सब, जो भी जिसके मन में आये

कोई हुक्म नहीं है किसी का
कि पाबंदियां लग जाएं
ये सब अफवाहें हैं
भड़काने की नाकाम कोशिश हैं

बस कि एक गुज़ारिश है –
कि किनारों की भी सुन लें
क्या कहर उन पर गुज़री है
क्यों वो दिन-रात रोते हैं?
तोड़ डाले हैं घर सभी के
जो मान करते थे समुंदर का
उसकी पूजा करते थे
हट के उससे दूर रहते थे
लहरें उठीं, और इतनी बड़ी
कि खा गयीं सभी को
दूर तलक पीछा किया, फिर मार डाला
जो भी हाथ में आया
नहीं है कोई हक उनको
इस धरा पर रहने का और जीने का?
कि आज़ादियां हैं –
बस लहरों को और समुंदर को

हवाओं को भी आज़ादियां हैं –
कर लें अपने मन की, मन में जो आये
बस कि ऐलान कर दो
कह दो परिंदों से -
नहीं है हक उन्हें कोई
कि वो घर अपना बना पायें
चार तिनके बीन कर पेड़ों पर बस जायें
नहीं है कोई हक उनको
कि चैन से रहें, अमन के गीत वो गायें
पालकर बच्चों को वो अपने
कोई सीख दे पायें
-    कि मिल-जुल कर रहना है

पाबंदियां नहीं हैं कोई
कि बस ये तकाज़ा इंसानियत का है
जब हम अपना हक जताने जायें
तो दूसरे का हक न मारा जाये

ये कोई पाबंदी नहीं, बस ज़हन में रखना कि
मेरा हक, मेरा घर, मेरा सलीका
मेरा मन, मेरा कुनबा, मेरा गांव
ये सब मेरा-मेरा कहने में
सिमट कर न रह जाऊं कहीं मैं
भूल ना जाऊं कहीं कि स्वच्छंद रहने में
खुद अपना कानून लिखने में
तबाह कितने हुए थे, घर कितने के उजाड़े थे

अजब ये लोग हैं
जो भड़काने की बात करते हैं
भूल जाते हैं - कि लहू कितनों का बहा था
कितने मरे थे, कितने बरबाद हो गये
कि जब कुछ लोग कहते थे –
कि बस आज़ाद मैं ही हूं
नहीं है कोई हक किसी दूसरे को
इस धरा पर सांस लेने का
ये मैं ही तय करूँगा
कौन जीयेगा, कौन मरेगा

याद रहे, यह धरती सभी की है
हक है सभी को इस पर रहने का
हक है सभी को खुल कर जीने का
हमें मिल-जुल कर रहना है
सब को सिखाना है -
हक है तुम्हें कि तुम हाथ अपना
घुमालो जिस ओर तुम चाहो
मगर ध्यान में तुम्हारे रहे हमेशा
कि चोट किसी दूसरे को न आये
और हक न किसी का मारा जाये

बस कि अफवाहें हैं
कोई पबन्दियां नहीं
आज़ादी है सभी को
कर लें जो भी उनके मन में आ जाये
ध्यान में अपने मगर रखना जरूर
कि चोट किसी दूसरे को न आये
कि चोट किसी दूसरे को न आये

शुक्रवार, 22 दिसंबर 2017

चुप रहो, खुश रहो

पकड़ते क्यों हो उसे बार-बार
हाथ से फिसल जाता है
हर बार छूट जाता है
निकल जाते है पहुंच से दूर

छोड़ दो, उसको जाने दो
जिस राह जाये, जहां जाये
जाये, न जाये, वापस आये
जो करे उसकी मर्ज़ी
परेशान न हो, फिक्र न करो

उसका अपना वजूद है
अपनी चाह है, मन है
जीने की तमन्ना हैं
उड़ने का ढंग है
अपने उसूल हैं, सिद्धान्त हैं
खुद से जी लेगा
मन की कर लेगा
फिर अगर फुर्सत मिली,
शायद तुम्हारी सुन लेगा

तब तक धैर्य धरो
भगवान पर भरोसा रखो
समझ से काम लो
चुप रहो, खुश रहो
चैन से जियो,
आराम से रहो

मेरे बच्चे

तुम्हारा जन्म याद है मुझे
बड़ी धूम से मिठाई बाँटी थी मैंने
बचपन से देखा है तुम्हें
देखते ही देखते तुम बड़े हो गए
तुम्हारे अंदर का वह बालक
बड़ा आदमी बन गया
पर न जाने कहाँ खो गया

जब भी तुम कहते हो
कोई बात कड़वी झुँझला कर
सुन लेता हूँ चुप रहता हूँ
जब तुम करते हो कुछ
अभद्र, असहनीय व्यवहार
सह लेता हूँ चुप रहता हूँ
मैं तुमसे प्यार करता हूँ

भगवान से प्रार्थना करता हूँ
मैं तुमसे हार जाऊँ
तुम्हारे बच्चे मेरे बच्चों से अच्छे हों
तुम्हें ये दिन न देखने पड़ें
मैं तुम्हें बचपन से जानता हूँ
तुम सह नहीं पाओगे
ग़म से मर जाओगे
इसलिए मैं चाहता हूँ
मैं तुमसे हार जाऊँ
मेरे बच्चे ! मैं तुमसे हार जाऊँ।

मंगलवार, 27 जून 2017

आंग्ल देश की भाषा

मैं सोचता था-
आंग्ल भाषा बोली जाती है
दुनिया भर में
हर कोने में।

इसका प्रेमी तुमको दुनिया में
सभी जगह मिल जायेगा
इसको जानोगे तब ही कुछ पाओगे।

नहीं पता था मुझको लेकिन
आंग्ल देश के पश्चिम में
वेल्स नाम का प्रान्त है कोई
वहाँ पर इसको
नहीं जानता हर कोई
नहीं प्रेम है सबको इससे
नहीं बोलता हर कोई।

मैं अज्ञानी था
नहीं पता था मुझको बिलकुल
चिराग तले पर अन्धकार इतना होगा
जिसे नहीं जानता हर कोई
नहीं पता है सबको इसका
नहीं जानता हर कोई ।