मंगलवार, 27 जून 2017

बच्चन जी की बात नहीं है बच्चों वाली

बच्चन जी की बात नहीं है बच्चों वाली
सर माथे पर अपने माना है उनको मैंने
कहा उन्होंने था, हम सबको बतलाया था -
"कोशिश करने वालों की हार नहीं होती"

पर मैंने तो बचपन से देखा है, अब तक देखा है
खाली कोशिश ही करते रहने वालों की जीत नहीं होती
बस कोशिश ही करते रहने वालों की जीत नहीं होती

तुम बस कोशिश ही करते करते मत रह जाना
करना कोशिश हर बार मगर, रुक मत जाना
रस्ते में कांटे हों, पत्थर हों, तुम मत घबराना
नदियां हों, पर्वत हों या समुंदर तट का आ जाना
रोक न तुम को पाये बिजली, बारिष का आना

थक मत जाना, रुक मत जाना हार मान कर बैठ न जाना
यदि रास्ते में गिर जाओ कहीं तुम, मत घबराना
सम्हलना उठना, उठ कर फिर चल देना
मुश्किल हों कितनी भी, दूने उत्साह लगन से चलना
सम्हलना उठना, उठ कर फिर चल देना
ध्यान रहे, तुमको है मंज़िल पर ध्वज फहराना
गंतव्य ध्यान में रखना अपने, मत रुकना

याद रहे तुमको हर दम, तुम भूल न जाना 
"कोशिश करने वालों की हार नहीं होती"
 
और दूसरी बात हमारी
ये भी अपने ध्यान में रखना 
मंज़िल पर हों गढ़ी हमेशा आंखें जिसकी
जीत हमेशा ही होती आयी है उसकी 

जीत हमेशा होगी उसकी
मंज़िल पर हों गढ़ी हमेशा आंखें जिसकी
मंज़िल पर हों गढ़ी हमेशा आंखें जिनकी

नदिया का पानी


कल-कल कल-कल
कल-कल कल-कल
बहता जाता पानी
नदिया का पानी
कल-कल कल-कल करता
बहता है पर्वत से
घाटी से बहता है
कल-कल कल-कल करता
अविरत बहता जाता है पानी

राह रोक कर खड़े हुये
पर्वत कितने ऊंच-ऊंचे
कहते हैं – हम हैं बलशाली
ऊंचे कितने, बरसों से प्रहरी हैं
रोक नहीं पाते वो उसको
वह जाता है रोज़ निरंतर
काट उन्हें, वो बहता जाता है
कहता जाता है
कल-कल कल-कल

पर्वत के पत्थर
आते हैं रस्ते में उसके
कहते हैं उसको
रुकजा हम हैं रस्ते में तेरे
राह रोक कर खड़े हुये 
तू थमजा, साथ हमारे रुकजा
पड़े वहीं रह जाते हैं पत्थर
कभी काटता वो उनको
कभी छांटता वो उनको
जाता है अपने रस्ते

ये इन्तजार में रहते उसके
सोचा करते -
वो कल रुक जायेगा
पर वह बहता जाता है
कहता जाता है
कल-कल कल-कल

तुम जब भी देखो
कोई रोड़ा, पत्थर कोई आये
राह तुम्हारी रोक खड़ा हो
बोले – रुक जाओ, थम जाओ
तुम जाना रस्ते पर अपने
हंस कर तुम उससे कहना
कल-कल कल-कल

गुरुवार, 1 जून 2017

क्यों सोचते हैं हम?

कल एक पुराने दोस्त से
मेरी मुलाकत हो गयी
मुझे देख चौंक उठे
बोले – कैसे हो?
तबीयत ठीक है?

मैंने कहा – हां ठीक है
मज़े में हूं बस सोच रहा था कि ...
उन्होंने मुझे बीच में टोक दिया
आगे बोलने से रोक दिया
कहा – क्यों सोचते हो?
आखिर क्या बात है ?
तुम सोचते क्यों हो?

तुमने देखा है किसी पंछी को
हवा से बातें करते झूमते
मस्ती में अपनी धुन में गाते
किसी तितली देखा है उड़ते
किसी भंवरे को मंडराते देखा है
कोयल की कूक सुनी है

कभी देखा है किसी कुत्ते को
गाड़ी के पीछे दौड़ते
बिल्ली को चूहे से खेलते
खरगोश को छलांग लगाते
हिरण को भागते देखा है
बैल को काम करते
रहट से पानी खींचते देखा है
शेर को शिकार करते
मछ्ली को तैरते देखा है
कभी देखा है तुमने
किसी बच्चे को मस्ती करते

ये सब सोचते नहीं हैं
ज़िन्दगी के मज़े लेते हैं
ज़िन्दगी मज़े से जीते है
तुम नाहक परेशान होते हो
व्यर्थ सोचते हो
जिन्दगी का ढंग बदल दो
जिन्दगी खुल कर जी लो
सोचना बंद कर दो

मझे समझ आया
दुनियां में कितने जीव हैं
खुल कर जीते हैं
सोचते नहीं हैं
ये भी कितना सीधा आदमी
कितना अच्छा आदमी
सोचता नहीं है
मज़े से जीता है!

मैं फिर सोच में पड़ गया
ये सब मजे से जीते हैं
हम बेकार ही सोचते हैं?
क्यों सोचते हैं हम?