मंगलवार, 27 जून 2017

चाइल्ड लेबर

एकाग्र चित्त,
ध्यान मग्न
अपने काम में लीन है
हर रोज़ व्यस्त रहती है
सुबह से शाम तक
झाड़ू, पोछा, बर्तन
बच्चों की देखभाल
सब पूरे ध्यान से।

क्या करे?
परिस्थितियाँ विषम हैं
जिम्मेदारी अधिक है
अनुभव सात साल का है
उम्र बारह साल की है।

बालिका बचाओ, बालिका पढ़ओ

देखो तुम ये छोटी बच्ची, है कितनी अच्छी
प्यारी-प्यारी बातें इसकी, हैं कितनी अच्छी ।
प्यार करूं कितना भी, कम ही कम लगता है
लाड़ लड़ाऊं जितना, पर मन नहीं भरता है ।

मैं सोचता रहता हूं काम इसे कितने हैं
आने वाला कल इस पर ही निर्भर है ।
नई-नई पीढ़ी को दुनिया में ये ही लाएगी
हम इसको जो देंगे दस गुना उन्हें यह देगी।

सीख उन्हें ये देगी, ध्यान रखेगी, पालेगी-पोसेगी
तकलीफ अगर होगी, तो रात-रात जागेगी ।
इसके दम से ही, हम दम भरते हैं दुनिया में
इसके दम से ही, तुम दम भरते हो दुनिया में ।

पर दुर्भाग्य हमारा देखो, अकल के कुछ अंधे हैं
दुनिया में आने से पहले ही, जो मार इसे देते हैं।
वो भी क्या कम हैं, जो तंग इसे करते हैं
दहेज की वेदी पर, जो बलि इसकी देते हैं ।

अगर यह नहीं होगी, तो कल भोर नहीं होगी
यह संसार नहीं होगा, यह सृष्टि नहीं होगी ।
हम भी नहीं होंगे, तुम भी नहीं होगे
विश्वास मुझे है कि तब वो भी नहीं होगा ।
जिसके दम से हम दम लेते हैं दुनिया में ।

जिसके दम से सब दम लेते हैं दुनिया में ।
तब वो भी नहीं होगा-तब वो भी नहीं होगा।

जीवन - मुट्ठी भर रेत

जीवन मुट्ठी भर रेत
डरता हूं फिसल न जाए
हाथ से निकल न जाए
जिंदगी की घडि़यां
ये सुंदर, मधुर, सुहाने क्षण।
कसकर पकड़ लेता हूं
मुट्ठी में जकड़ लेता हूं

यह फिसलने लगता है
पकड़ से निकलने लगता है।
तेजी से - और तेजी से।
डरता हूं कैसे रोकूं इसको
पकड़ ढीली होती है
यह नहीं फिसलता तेजी से
नहीं निकलता फुर्ती से
रहता है मेरे साथ ज्यादा देर
आनंदित करता है, सुख देता है।

मुझको विश्वास दिलाता है फिर से
जीवन है मुट्ठी भर रेत
बस मुट्ठी भर रेत