सोमवार, 31 अगस्त 2009

मेरी बेटी की बोली

तुम ने आज फिर
जिद की है।
कहा है - कि मैं एक कविता कहूँ।

तेरी बोली ही कविता है - अलंकृत सत्य सी।
तेरी बोली संगीत है - सात सुरों का।
एक चित्र है - सतरंगी इन्द्र धनुष सा।
एक विचार है - संत स्वभाव का।
एक कर्म है - अर्जुन से कर्मवीर का।
एक धर्म है - युधिष्ठिर से धर्मवीर का।

तेरी बोली, रस की गोली है।
शान्त करती है मन को,
और बन जाती है
मेरी नयी कविता।

कितनी अच्छी है, प्यारी है,
तेरी बोली।
मेरी बेटी की बोली।।